डोडा तस्करी पर पुलिस की करारी चोट!
बाइक सवार तस्कर भागे,पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोचा, बदायूं से खरीदा, पीलीभीत में बेचने का प्लान—बारादरी पुलिस ने तोड़ी तस्करों की कड़ी
➤ 20.8 किलो डोडा छिलका बरामद
➤ दो तस्कर वीरपाल और वीरेंद्र गिरफ्तार
➤ बाइक और सामान जब्त
➤ एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल
बीस किलो डोडा छिलका जब्त फरीदपुर के दो तस्कर पीलीभीत पहुँचने से पहले ही दबोचे गए
जन माध्यम
बरेली। मादक पदार्थों के कारोबर पर पुलिस ने एक बार फिर तगड़ा प्रहार किया है। बारादरी थाना पुलिस ने शनिवार को दो तस्करों को धर-दबोचा और उनके पास से 20 किलो 800 ग्राम डोडा छिलका बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की। दोनों आरोपी फरीदपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में यह मादक पदार्थ ऊँचे दामों पर बेचने जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सख़्ती के आगे इनकी योजना धरी की धरी रह गई।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर बारादरी पुलिस ने दिव्यानी लॉन के पास नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान तेज कर दिया। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखते ही घबरा गए और तेज़ी से भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर दोनों को धर लिया। तलाशी में मोटी बोरियों में भरा भारी मात्रा का डोडा छिलका बरामद हुआ। सूचना मिलते ही सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुँचे और बरामदगी की कार्रवाई को स्वयं देखा।
तस्करों की पहचान वीरपाल, निवासी गांव तुमड़िया, और वीरेंद्र, निवासी गोविंदापुर, फरीदपुर के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से मिला डोडा छिलका मौके पर ही सील कर जब्त कर लिया गया।पूछताछ में वीरपाल ने खुलासा किया कि उसने यह डोडा बदायूं क्षेत्र के किसानों से खरीदा था। योजना थी कि बरखेड़ा, पीलीभीत में इसे महँगे दामों पर बेचा जाए, क्योंकि वहाँ डोडा के सौदागरों की मांग अधिक रहती है। लेकिन पुलिस की सूझबूझ और समय रहते की गई कार्रवाई ने इस अवैध सप्लाई को जड़ से काट दिया।दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कड़ाई से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बरेली पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार चोट कर रही है और तस्करों के लिए अब जिले की सीमाएँ सुरक्षित नहीं रहीं।