रिठौरा में उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
रिठौरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर पंचायत, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में योग शिविर आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
• रिठौरा में नगर पंचायत सहित विभिन्न संस्थानों में योग शिविर आयोजित हुए।
• जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और नगरवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
• प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
हसीन दानिश/जन माध्यम
रिठौरा/बरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय, विभिन्न सरकारी संस्थानों, प्राथमिक विद्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में योग शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और नियमित रूप से योग अपनाने का संकल्प लिया।

नगर पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश शोध प्रमुख शिवमंगल सिंह राठौर, मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पटेल, मंडल महामंत्री वेदपाल कनौजिया, चेयरमैन प्रतिनिधि अमित कुमार गुप्ता, लिपिक धनपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य पति सुरेंद्र पटेल, सभासद मनोज कश्यप, सभासद पति चम्पत लाल कोरी, नामित सभासद सूर्य प्रकाश शर्मा, पूर्व सभासद धर्मेंद्र यादव उर्फ बाबू यादव, पिंटू पटेल, रमेश वर्मा, राजीव साहू, योग प्रशिक्षक आशीष और प्राध्यापक प्रदीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
वहीं, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय तथा ग्राम पंचायत दोहरिया जागीर में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष कुमार, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार आर्य और ग्राम प्रधान मजहर अली की मौजूदगी में योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, निरोग और तनावमुक्त जीवन जी सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।