इज्जतनगर रेल कारखाना में खिलाड़ियों का सम्मान

इज्जतनगर रेल कारखाना में आयोजित इंटरशॉप कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता के विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों और मैच रेफरियों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इज्जतनगर रेल कारखाना में खिलाड़ियों का सम्मान
HIGHLIGHTS:

• इंटरशॉप कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया।

• मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।

• खेल गतिविधियों को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम बताया गया।

जन माध्यम
बरेली।
इज्जतनगर रेल कारखाना में शनिवार को आयोजित एक समारोह में इंटरशॉप कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता के विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों तथा मैच रेफरियों को सम्मानित किया गया। कारखाना कैंटीन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर शैलेश सिंह, प्रदीप कुमार, कारखाना प्रबंधक पवन कुमार वर्मा, शिखर दयाल, सहायक कार्मिक अधिकारी मुनिराज मीणा, क्रीड़ा सचिव सुहैल अली तथा मान्यता प्राप्त यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में कैरम  सिंगल्स में नाजिस खान ने प्रथम और शोयब रज़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। डबल्स वर्ग में वसीम एवं रोहित की जोड़ी विजेता रही, जबकि शोयब रज़ा एवं नाजिस खान उपविजेता बने। सुपरवाइजर वर्ग की कैरम प्रतियोगिता में मनोज कोहली ने पहला और अनिल कुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में परवेज अहमद विजेता तथा अनिल कुमार उपविजेता रहे।

मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और कार्यकुशलता विकसित करती हैं। उन्होंने कर्मचारियों से भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा सचिव सुहैल अली ने सभी अधिकारियों, यूनियन प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, मैच रेफरियों और आयोजन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कारखाना प्रशासन कर्मचारियों में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन करता रहेगा।