इज्जतनगर स्टेशन पर गूंजा ‘वन्दे मातरम्’
इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरपीएफ बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित।
आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र गोरखपुर के बैंड दल ने ‘वन्दे मातरम्’ समेत देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
सेल्फी पॉइंट पर रेलकर्मियों और यात्रियों ने लिया हिस्सा, राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
जन माध्यम
बरेली। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वन्दे मातरम्’ गीत के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर के बैंड दल ने ‘वन्दे मातरम्’ सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों की धुनों से स्टेशन परिसर राष्ट्रभक्ति के वातावरण से सराबोर हो गया। यात्रियों और रेलकर्मियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में इज्जतनगर मंडल के सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक, ऑफ-ड्यूटी स्टाफ और स्टेशन पर मौजूद यात्री शामिल हुए। इस दौरान स्टेशन परिसर में सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया, जहां रेलकर्मियों और यात्रियों ने सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।
आयोजन के माध्यम से स्टेशन परिसर में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया गया। साथ ही रेलकर्मियों एवं यात्रियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।