राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी पूरी 

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी पूरी, अधिकारियों की बैठक में अधिकतम वाद निस्तारण और जनजागरूकता पर जोर।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी पूरी 
HIGHLIGHTS:

➡️ अधिकतम वाद निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित
➡️ जनजागरूकता बढ़ाने को विशेष अभियान
➡️ समय पर न्याय के लिए लोक अदालत प्रभावी माध्यम
➡️ पुलिस–विभागीय तामीला तेज करने के निर्देश
➡️ विशेष लोक अदालत में लघु वादों का निस्तारण

वादों के त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों की बैठक सम्पन्न

जन माध्यम 
बरेली।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण,नई दिल्ली के निर्देश पर आगामी 13 दिसम्बर  को जनपद न्यायालय सहित सभी बाह्य न्यायालयों में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को ए.डी.आर. सेंटर भवन के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश  प्रदीप कुमार सिंह द्वितीय,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ने कर निर्देश दिए।
बैठक का संचालन अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी रामानन्द ने किया। उन्होंने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि लोक अदालत जनता को कम समय, कम खर्च और सौहार्दपूर्ण तरीके से न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए सभी विभाग अपने अपने स्तर पर अधिक से अधिक वादों को लोक अदालत में लगाने तथा उनका सफल निस्तारण कराने में सहयोग करें। अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उमा शंकर कहार ने सभी विभागों से आए प्रतिनिधियों से लगाए गए वादों का विवरण प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में नोटिस की तामीला पुलिस या विभाग स्वयं कर सकता है, उन्हें तत्काल तामीला कराकर निस्तारण की प्रक्रिया तेज की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लघु आपराधिक वादों का निस्तारण कराया जाएगा।जनजागरूकता हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोक अदालत के लाभ समझा रहे हैं और लोगों को वाद निस्तारण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सचिव ने जनता से अपील की कि विशेष लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत, दोनों में अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने मामलों का समाधान प्राप्त करें।
बैठक में अनेक विभागों के अधिकारी कैनाल, पंचायत, स्वास्थ्य, पुलिस, विद्युत, बीडीए, शिक्षा तथा बीएसएनएल आदि ने प्रतिभाग कर आवश्यक सुझाव और आश्वासन दिए।