चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़, चोरी के दो शातिर बदमाश दबोचे गए

मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अवैध तमंचा, चोरी का माल और नकदी बरामद की है।

चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़, चोरी के दो शातिर बदमाश दबोचे गए
HIGHLIGHTS:

➡️ देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़
➡️ रामलीला मैदान के पास पुलिस पर की गई फायरिंग
➡️ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल
➡️ दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, कई चोरी की वारदातों का खुलासा
➡️ अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और चोरी का माल बरामद
➡️ घायल बदमाश को अस्पताल में कराया गया भर्ती
➡️ दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास सामने आया

हशमे आलम/ जन माध्यम

मेरठ। अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत थाना टीपीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार तड़के चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें चोरी की घटनाओं में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर की रात करीब 1:30 बजे टीपीनगर थाना पुलिस रामलीला मैदान के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से आ रहे दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर रामलीला मैदान के पीछे एक बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान हिमांशु थापा पुत्र पूरण बहादुर थापा, निवासी ग्राम कुंडा थाना परतापुर मेरठ (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नारंग स्टील और यश ट्रांसपोर्ट में हुई चोरी की घटनाओं के साथ ही सिविल लाइन क्षेत्र के एक मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।

अभियुक्त के कब्जे से 6,560 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया गया। इसी क्रम में पुलिस ने उसके साथी विकास उर्फ तातड़ उर्फ छोटू पुत्र ब्रह्मजीत, निवासी बेरीपुरा थाना टीपीनगर मेरठ को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से 5,455 रुपये नकद, एक एलसीडी टीवी और एक थैला बरामद हुआ।

घायल अभियुक्त हिमांशु को तत्काल उपचार के लिए प्यारेलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, अवैध हथियार और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

टीपीनगर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।