मतदाता सूची की शुद्धता सर्वोपरि, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

मेरठ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में एसआईआर कार्यों की समीक्षा हुई। मतदाता सूची की शुद्धता, डाटा फीडिंग में त्रुटि न होने और एबसेंट, शिफ्टेड व मृत वोटर्स के सत्यापन पर सख्त निर्देश दिए गए।

मतदाता सूची की शुद्धता सर्वोपरि, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
HIGHLIGHTS:

➡️ मेरठ में एसआईआर कार्यों की समीक्षा बैठक
➡️ मुख्य निर्वाचन अधिकारी यूपी की अध्यक्षता
➡️ पात्र मतदाता न छूटे, अपात्र हों बाहर—निर्देश
➡️ डाटा फीडिंग में त्रुटि नहीं होगी स्वीकार
➡️ एबसेंट, शिफ्टेड व मृत वोटर्स का सत्यापन
➡️ सभी सूचियां वेबसाइट पर अपलोड करने के आदेश
➡️ फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं को जोड़ने पर जोर

जन माध्यम।

हशमे आलम। मेरठ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश श्री नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सातों विधानसभाओं के ईआरओ से एसआईआर कार्यों की प्रगति, गणना प्रपत्र कलेक्शन, डिजिटाइजेशन, मैपिंग, डाटा फीडिंग तथा बीएलओ-बीएलए की कार्यवाही को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र शामिल न हो। उन्होंने कहा कि एबसेंट, शिफ्टेड एवं मृत मतदाताओं, जिनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं आ रहे हैं, उनकी सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट को उपलब्ध कराई जाए और अधिकारियों के माध्यम से उनका पुनः सत्यापन कराया जाए।

उन्होंने एसआईआर डाटा की शुद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि डाटा फीडिंग में छोटी से छोटी त्रुटि भी स्वीकार्य नहीं होगी। वरिष्ठ अधिकारी नियमित निगरानी करें और शत-प्रतिशत सत्यापन के बाद ही डाटा को अंतिम रूप दिया जाए। मैपिंग कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी आदेश दिए कि जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर सभी बूथों की एबसेंट, शिफ्टेड और मृत वोटर्स की सूची अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम किसी कारणवश ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं आ रहे हैं, उनकी कारण सहित सूची बनाकर वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाए। नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण निर्वाचन प्रक्रिया की रीढ़ है और यह प्रदेश स्तर पर सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जा रहा है। एसआईआर कार्य में बीएलओ से लेकर जनपद स्तर तक अधिकारियों-कर्मचारियों, राजनीतिक दलों और आम जनमानस की सक्रिय भूमिका की भी उन्होंने सराहना की।

बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का जनपद में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

तत्पश्चात मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा द्वारा एलेक्जेंडर पब्लिक स्कूल, शास्त्रीनगर स्थित बूथ का निरीक्षण कर बीएलओ-बीएलए के कार्यों की समीक्षा की गई। बीएलओ ने बूथ स्तर पर फॉर्म वितरण, कलेक्शन, डिजिटाइजेशन तथा फॉर्म-6 से संबंधित कार्यवाही की जानकारी दी।

इस अवसर पर आयुक्त मेरठ मंडल भानु चन्द्र गोस्वामी, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, समस्त एसडीएम, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।