मुजफ्फरनगर में भाजपा स्वागत बना जाम की वजह
मुजफ्फरनगर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत के दौरान भारी भीड़ और अव्यवस्था के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस और अधिकारी भी फंस गए।
➡️ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्वागत
➡️ सड़क पर भारी भीड़ से ट्रैफिक व्यवस्था ठप
➡️ घंटों लंबा जाम, आम लोग परेशान
➡️ एंबुलेंस और अधिकारी भी जाम में फंसे
➡️ डीजे, आतिशबाजी और स्टंटबाजी से बढ़ी अव्यवस्था
➡️ पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया
जन माध्यम |
हशमे आलम। मुजफ्फरनगर।
लखनऊ से मुजफ्फरनगर की ओर जाते समय रविवार दोपहर भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त मंत्री पंकज चौधरी का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, कमल दत्त शर्मा, मनीष प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान फूल-मालाएं पहनाकर ‘भारत माता की जय’ और ‘भाजपा जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए।

हालांकि भव्य स्वागत के बीच यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। सड़क पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और गाड़ियों के खड़े होने से घंटों लंबा जाम लग गया। जाम में कई अधिकारियों की गाड़ियां और एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्वागत स्थल पर सैकड़ों कार्यकर्ता डीजे की धुन पर झूमते नजर आए, वहीं आतिशबाजी और स्टंटबाजी से हालात और बिगड़ गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कुछ देर तक गाड़ी में खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते रहे, इसके बाद वे आगे के लिए रवाना हो गए।
स्वागत समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ियां सड़क और टोल प्लाजा के आसपास खड़ी रहने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को हटवाया और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।