पुलिया के पास बाइक सवार युवक पर डंडे से हमला
नवाबगंज में बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक पर तीन लोगों ने हमला कर दिया। डंडे के वार से सिर फटने के बाद पीड़ित ने तहरीर दी।
नवाबगंज में बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक पर हमला करने का आरोप।
डंडे के वार से युवक के सिर में चोट आई, शरीर पर भी चोटें लगने का दावा।
पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी की तहरीर दी।
जन माध्यम
बरेली नवाबगंज। मुझैना संतोष गांव से पार्सल लगाकर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक पर पुलिया के पास तीन लोगों ने हमला कर दिया। डंडे के वार से युवक के सिर में चोट लग गई। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना नवाबगंज में तहरीर दी है।
चमन नगरिया निवासी आरिफ खां के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम करीब आठ बजे वह अपने बेटे हैदर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गांव से पहले पुलिया के पास तीन लोग खड़े थे। आरोप है कि दो लोगों ने उन्हें रोककर डंडे से सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से उनका सिर फट गया और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
आरिफ का आरोप है कि नीचे गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। इसी दौरान उनका बेटा मौके से भागकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो तीनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
परिजनों ने घायल आरिफ का भोजीपुरा क्षेत्र के जादोपुर स्थित चिकित्सक से उपचार कराया। इसके बाद उन्हें थाना नवाबगंज ले जाया गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।