रेलवे मजदूर यूनियन ने 16 मांगों का सौंपा ज्ञापन
इज्जतनगर रेलवे कारखाना और भंडार डिपो की समस्याओं को लेकर एनई रेलवे मजदूर यूनियन ने मुख्य कारखाना प्रबंधक को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए पदोन्नति, पेयजल, निजीकरण, पेंशन और कर्मचारियों की सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठाईं।
एनई रेलवे मजदूर यूनियन ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
पदोन्नति, शुद्ध पेयजल, निजीकरण पर रोक और पारिवारिक पेंशन के मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।
यूनियन ने कर्मचारियों की सुविधाओं से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
जन माध्यम
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के इज्जतनगर कारखाना मंडल ने कारखाना एवं भंडार डिपो से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्य कारखाना प्रबंधक, यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने कर्मचारियों की पदोन्नति, मूलभूत सुविधाओं, कार्यस्थल की सुरक्षा और लंबित प्रशासनिक मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।
यूनियन के मंडल मंत्री परवेज अहमद द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से विभिन्न मुद्दे लंबित होने के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। ज्ञापन में विद्युत एवं यांत्रिक विंग के कर्मचारियों की लंबित पदोन्नतियां शीघ्र करने, कारखाना एवं भंडार में अतिरिक्त इंडस्ट्रियल आरओ लगाकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा कारखाने में बढ़ते निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की गई है।
यूनियन ने पीओएच कार्य के लिए आवश्यक रेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पारिवारिक पेंशन के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और सेवा अभिलेखों में नाम एवं जन्मतिथि संबंधी त्रुटियों के संशोधन की प्रक्रिया तेज करने की भी मांग उठाई है।
ज्ञापन में आरटीएस शॉप के पुनर्गठन, वेल्डरों को फायर प्रूफ डांगरी का प्रतिपूर्ति भुगतान, कारखाना एवं भंडार के क्षतिग्रस्त शेडों की मरम्मत, ट्रिमिंग अनुभाग के शेड का विस्तार, डेमू कार्य के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा एसी और आरएमपीयू यूनिट की सुरक्षित लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
इसके अलावा गुणवत्ता युक्त उपकरण उपलब्ध कराने, आउटसोर्स कार्य के दायरे को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने, एचआरएमएस में पारस्परिक स्थानांतरण से जुड़ी तकनीकी समस्या दूर करने तथा पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
यूनियन ने प्रशासन से सभी मांगों पर कर्मचारी हित में शीघ्र कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।