सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम और एसएसपी ने सुनीं फरियादें, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम और एसएसपी ने सुनीं फरियादें, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
HIGHLIGHTS:

1. आईजीआरएस पर ज्यादा शिकायतें, डीएम बोले- गांव में जाकर करो समाधान
2. अवैध कब्जा, पेंशन और राशन कार्ड की रहीं मुख्य शिकायतें
3. राशन कार्ड बांटे, स्टालों का किया निरीक्षण

बरेली। तहसील फरीदपुर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम रविन्द्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।

अवैध कब्जा, पेंशन और राशन कार्ड की रहीं मुख्य शिकायतें
जनता ने जमीन पर कब्जा, दिव्यांग पेंशन में गड़बड़ी और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। गांव लौंगपुर के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। डीएम ने मौके पर मौजूद तहसीलदार और एसएचओ को जांच कर सख्त कार्रवाई करने को कहा।

आईजीआरएस पर ज्यादा शिकायतें, डीएम बोले- गांव में जाकर करो समाधान
जिलाधिकारी ने समाधान पोर्टल (आईजीआरएस) पर आई शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन गांवों से 4 या उससे ज्यादा शिकायतें आई हैं, वहां संबंधित अधिकारी खुद जाकर हालात देखें और पूरी रिपोर्ट दें। साथ ही शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर ये भी जानें कि समाधान से वे संतुष्ट हैं या नहीं।

राशन कार्ड बांटे, स्टालों का किया निरीक्षण
समाधान के अवसर पर डीएम ने तहसील परिसर में लगाए गए विभागीय स्टालों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान जीरो पोवर्टी अभियान के तहत 11 नए अंत्योदय कार्ड और 4 पात्र गृहस्थी कार्ड लाभार्थियों को दिए गए।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, एसडीएम मलिका नयन, तहसीलदार फरीदपुर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।