सेंथल में चला बुलडोजर, स्वीमिंग पूल की विवादित दीवार ध्वस्त

सेंथल में नहर की जमीन पर अतिक्रमण के आरोप में स्वीमिंग पूल की विवादित दीवार प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दी।

सेंथल में चला बुलडोजर, स्वीमिंग पूल की विवादित दीवार ध्वस्त
HIGHLIGHTS:

➡️ सेंथल में चला बुलडोजर
➡️ स्वीमिंग पूल की दीवार ध्वस्त
➡️ नहर की जमीन पर अतिक्रमण

सरफराज़ खान । जन माध्यम
सेंथल (बरेली)।
नगर पंचायत सेंथल द्वारा नगर की सुंदरता के लिए बनाए गए स्वीमिंग पूल की एक विवादित दीवार को सोमवार को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया। यह कार्रवाई तहसीलदार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल की निगरानी में की गई।

बताया गया कि वर्ष 2016 में सेंथल–हाफिजगंज मुख्य मार्ग के किनारे नगर पंचायत की ओर से स्वीमिंग पूल का निर्माण कराया गया था। उस समय नहर लंबे समय से सूखी पड़ी थी, उसमें पानी का बहाव नहीं था, जिस कारण निर्माण के दौरान नहर की जमीन को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति सामने नहीं आई। बाद में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्वीमिंग पूल की दीवार नहर की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई है।

मामले को लेकर समाज के लोगों और सिंचाई विभाग की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई। सिंचाई विभाग द्वारा कराई गई जांच के बाद 28 मार्च 2017 को सहायक अभियंता ने नगर पंचायत सेंथल को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद मामला लंबे समय तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा।

बीते वर्षों में यह मुद्दा कई बार उठा और शांत हो गया, लेकिन याचिकाकर्ता द्वारा लगातार विरोध और प्रयास जारी रखने के चलते प्रशासन ने आखिरकार कार्रवाई की। इसी क्रम में सोमवार को विवादित दीवार को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।