ईंट गिरते ही खतरा भांप गई महिला, भरभराकर गिरा मकान

शाही क्षेत्र में तीन दिन की बारिश के बीच तुरसा पट्टी और सब्जीपुर खाता में दो मकान ढह गए। दोनों परिवारों का घरेलू सामान मलबे में दब गया।

ईंट गिरते ही खतरा भांप गई महिला, भरभराकर गिरा मकान
HIGHLIGHTS:

तुरसा पट्टी में छत से ईंट गिरते ही रेशमा खतरा भांपकर घर से बाहर निकल आईं।

महिला के बाहर निकलने के कुछ ही पल बाद खपरेलनुमा मकान भरभराकर ढह गया।

सब्जीपुर खाता में भी दीवार सहित आधी छत गिरी, राजस्व टीम ने नुकसान का जायजा लिया।

जन माध्यम
शाही, बरेली।
तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने जर्जर मकानों के लिए खतरा बढ़ा दिया है। रविवार दोपहर तुरसा पट्टी और सब्जीपुर खाता गांव में बारिश के बीच दो मकान भरभराकर गिर गए। दोनों मकानों में रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया। हालांकि, दोनों घटनाओं में घरों में मौजूद महिलाएं समय रहते बाहर निकल गईं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

तुरसा पट्टी गांव में रविवार दोपहर बारिश के दौरान रेशमा पत्नी इस्तिकार अपने खपरेलनुमा घर के अंदर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक छत से एक ईंट नीचे आ गिरी। ईंट गिरते ही रेशमा ने खतरा भांप लिया और बिना देर किए घर से बाहर निकल आईं।

उनके बाहर निकलने के कुछ ही पल बाद पूरा खपरेलनुमा मकान भरभराकर ढह गया। मकान में रखा घरेलू सामान मलबे के नीचे दब गया। घर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सामान निकालने में परिवार की मदद की।

उधर, सब्जीपुर खाता गांव में भी बारिश के दौरान नत्थो देवी पत्नी खेमकरन के मकान की दीवार सहित आधी छत भरभराकर गिर गई। नत्थो देवी भी समय रहते घर से बाहर निकल गईं, जिससे वह बाल-बाल बच गईं।

मकान की छत और दीवार गिरने से घर में रखा घरेलू सामान मलबे की चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर परिवार की मदद की।

दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों स्थानों पर मौका-मुआयना कर मकानों को हुए नुकसान का जायजा लिया।

लगातार तीन दिन की बारिश में मकानों को हुए नुकसान के बाद प्रभावित परिवारों ने क्षति का सही आकलन कर नियमानुसार सहायता दिलाने की मांग की है।