शाही में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा जनसैलाब

शाही में गांधी इंटर कॉलेज से प्रताप इंटर कॉलेज तक भव्य पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हजारों कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने तिरंगा लेकर हिस्सा लिया।

शाही में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा जनसैलाब
HIGHLIGHTS:

गांधी इंटर कॉलेज से प्रताप इंटर कॉलेज तक निकली पैदल तिरंगा यात्रा।

हजारों कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर लिया हिस्सा।

मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

जन माध्यम
बरेली शाही।
मंगलवार को शाही नगर में भव्य पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह करीब 10 बजे गांधी इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा में हजारों कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। तिरंगों से सजा कारवां नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। देशभक्ति गीतों और नारों से नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा।

यात्रा में गांधी इंटर कॉलेज, प्रताप इंटर कॉलेज और सरस्वती खिलौना बाबा मंदिर के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय हिंद और अमर शहीद अमर रहें जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

क्षेत्रीय विधायक डीसी वर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ पैदल यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह, जिला मंत्री शिवम शर्मा, मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी, मंडल उपाध्यक्ष रोहित शर्मा और प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यात्रा की तैयारियों में मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी और मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह की भूमिका रही। दोनों पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाएं संभालीं।

मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार जताया। विधायक डीसी वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं की सहभागिता और व्यवस्थाओं की सराहना की।

गांधी इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। यहां कॉलेज के प्रबंधक देवेश शर्मा उर्फ अंशु शर्मा ने विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं के लिए जलपान की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं।