बरेली में रंगदारी मांगने आए युवक ने बुजुर्ग सर्राफ से की मारपीट, पुलिस ने दो घंटे में दबोचा, जानिए पूरा मामला
1. घटना क्रम का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Bareilly News: शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग सर्राफा कारोबारी से रंगदारी मांगने पहुंचे युवक ने मारपीट कर दी। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। तेज़ एक्शन के चलते पुलिस की जमकर सराहना हो रही है।
घटना शाहबाद चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक सर्राफा दुकान की है, जहां अरुण वर्मा (65 वर्ष) अपने रोज़मर्रा के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान शाहबाद निवासी सिद्धार्थ पांडेय (29 वर्ष) दुकान पर पहुंचा और जबरन पैसों की मांग करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गालियां दीं और थप्पड़ मार दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसका वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो के आधार पर प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शाहबाद चौकी प्रभारी आशीष कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल सौरभ और प्रदीप ने मिलकर महज दो घंटे के भीतर आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद सिद्धार्थ को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पीड़ित अरुण वर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी पूर्व में भी पैसों की मांग करता रहा है और इंकार करने पर जान से मारने की धमकियां देता रहा है।