संजय नगर में युवक की गोली मारकर हत्या
प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में वारदात, तीन आरोपी चिन्हित
काम से लौट रहे अर्जुन की सिर में गोली मारकर हत्या, गिरफ्तारी को पुलिस टीमें सक्रिय
जन माध्यम
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र की एक शांत रात अचानक गोलियों की गूंज और चीख पुकार में तब्दील हो गई। संजय नगर में 21 वर्षीय अर्जुन मौर्य की हत्या ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे इलाके को गम, गुस्से और सवालों के साये में छोड़ दिया। जिस अर्जुन ने सुबह घर से रोज की तरह मेहनत मजदूरी के लिए कदम बाहर रखा था, उसे शायद यह भी अंदाजा नहीं था कि रात उसकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया 15 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे डायल 112 पर एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें मृतक अर्जुन और तीन आरोपी कुश, अर्पित मौर्य तथा कपिल स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अर्जुन की बहन और आरोपी कुश के बीच प्रेम प्रसंग था। इसी बात को लेकर अर्जुन और कुश के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना वाली रात कुश अपने दो साथियों अर्पित मौर्य और कपिल को साथ लेकर अर्जुन के पास पहुंचा। वहां कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान अर्पित मौर्य ने अवैध असलहे से अर्जुन के सिर में गोली मार दी।
गोली लगते ही अर्जुन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर जैसे कहर टूट पड़ा। घर में मातम पसरा है और परिजनों की आंखों से आंसुओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
मृतक के पिता राकेश मौर्य का आरोप है कि कुश लंबे समय से इलाके में दबंगई और बदमाशी करता था। उन्होंने कहा कि अर्जुन डेलापीर स्थित एक बरात घर में डीजे का काम करता था और रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी उसे रास्ते में रोककर घेर लिया गया और सिर में गोली मार दी गई। यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस बढ़ती आपराधिक मानसिकता का भी आईना है, जहां मामूली विवाद और व्यक्तिगत रंजिशें सीधे मौत तक पहुंच रही हैं। एक मां की गोद सूनी हो गई, पिता का सहारा छिन गया और परिवार के सपने एक पल में बिखर गए। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सभी आरोपी चिन्हित किए जा चुके हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी फिलहाल संजय नगर की गलियों में एक ही सवाल गूंज रहा है क्या अर्जुन को इंसाफ मिलेगा, और क्या उसके परिवार के आंसू कभी थम पाएंगे? एक गोली ने सिर्फ एक युवक की जान नहीं ली, बल्कि कई जिंदगियों की खुशियां भी हमेशा के लिए छीन लीं।