दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी से लूट
आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश शाही–शेरगढ़ रोड पर सर्राफा व्यापारी से 8 लाख के जेवर व 27 हजार लूटकर फायरिंग करते हुए फरार।
➡️ आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी से 8 लाख के जेवर लूटे
➡️ तमंचे की नोक पर मारपीट, 27 हजार नकद भी लूटी
➡️ बचाने आए ग्रामीण की भी बदमाशों ने पिटाई की
➡️ हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार
➡️ शेरगढ़ पुलिस के देर से पहुंचने पर आक्रोश
नकाबपोश बदमाशों ने 8 लाख के जेवरात और नकदी छीनी, शेरगढ़ पुलिस देर से पहुँची
मुम्ताज अली/ जन माध्यम
बहेड़ी।बरेली। बहेड़ी शेरगढ़। कानून-व्यवस्था के दावों की पोल खोलते हुए शाही शेरगढ़ मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम अराजकता का नंगा नाच देखने को मिला। आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को दिनदहाड़े रोककर न सिर्फ लाखों के जेवरात व नकदी लूट ली, बल्कि तमंचों की बट से बर्बर पिटाई कर दहशत फैला दी। और शर्मनाक यह कि घटना थाना शेरगढ़ क्षेत्र में होने के बावजूद पुलिस मौके पर डेढ़ घंटे तक पहुँची ही नहीं। मोहल्ला ठाकुरद्वारा, शाही निवासी सुभाष रस्तोगी रोज की तरह नगरिया सोबरनी स्थित चौधरी मार्केट में अपनी दुकान बंद कर करीब 4:30 बजे घर लौट रहे थे। कुडका भट्टा के पास पीछे से आई दो बाइकों पर सवार नकाबपोशों ने उनकी बाइक को जबरन टक्कर मारी, उन्हें सड़क पर गिराया और तमंचे तानकर बैग छीन लिया। बैग में 27 हजार रुपये नकद और करीब 8 लाख के सोने चांदी के आभूषण थे। बदमाशों ने पिटाई देखकर पास पहुंचे ग्रामीण शेर सिंह को भी नहीं छोड़ा और बेरहमी से पीटा। इसके बाद हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए सहजता से फरार हो गए। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जो बदमाशों की बेखौफी की साफ तस्वीर पेश करता है। व्यापारी सुभाष रस्तोगी का आरोप है कि उन्होंने घटना की सूचना शाही और शेरगढ़ दोनों थाना पुलिस को दी। शाही पुलिस तो कुछ ही मिनटों में पहुंच गई, लेकिन स्थानीय क्षेत्र की जिम्मेदार शेरगढ़ पुलिस डेढ़ घंटे तक गायब रही, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
मुख्य मार्ग पर, वह भी साप्ताहिक बाजार के दिन, इतने बड़े अपराध का बेखौफ अंजाम दिया जाना पुलिस की गश्त, खुफिया निगरानी और प्रतिक्रिया प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।