बहेड़ी: ड्यूटी पर तैनात फौजी मनदीप सिंह का हार्ट अटैक से निधन, गांव गौरीखेड़ा में पसरा मातम

बहेड़ी के गौरीखेड़ा निवासी हवलदार मनदीप सिंह का पंजाब के बठिंडा में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। सोमवार सुबह जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

बहेड़ी: ड्यूटी पर तैनात फौजी मनदीप सिंह का हार्ट अटैक से निधन, गांव गौरीखेड़ा में पसरा मातम
हवलदार मनदीप सिंह
HIGHLIGHTS:

पंजाब के बठिंडा में हवलदार के पद पर तैनात थे 34 वर्षीय मनदीप सिंह।

रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक आया हार्ट अटैक, अस्पताल में ली अंतिम सांस।

सोमवार सुबह पैतृक गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर, पूरे सम्मान के साथ दी जाएगी विदाई।

मुमताज अली। जन माध्यम

बहेड़ी।बरेली। देश की सेवा में तैनात बहेड़ी के एक लाल ने ड्यूटी के दौरान अंतिम सांस ली। पंजाब के बठिंडा में तैनात हवलदार मनदीप सिंह का रविवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस दुखद खबर के मिलते ही जवान के पैतृक गांव गौरीखेड़ा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, गौरीखेड़ा निवासी 34 वर्षीय मनदीप सिंह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत थे। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वे अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत सैन्य अस्पताल पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही मनदीप सिंह के परिजन बठिंडा के लिए रवाना हो गए थे। सेना के अधिकारियों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जवान के पार्थिव शरीर को पूरे सैनिक सम्मान के साथ परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह तक उनके पैतृक गांव गौरीखेड़ा पहुंचेगा, जहाँ राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

युवा फौजी की असमय मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और हर आंख नम है। ग्रामीणों ने मनदीप सिंह को एक मिलनसार और देशभक्त इंसान के रूप में याद किया।