आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, वेतन बढ़ाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग

बरेली में आशा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर भुगतान बढ़ाने, राज्य कर्मचारी का दर्जा और लंबित प्रोत्साहन राशि जारी करने की मांग की गई।

आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, वेतन बढ़ाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
HIGHLIGHTS:

आशा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

आधार भुगतान बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग।

लंबित प्रोत्साहन राशि, बीमा, मातृत्व अवकाश और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग भी उठाई गई।

जन माध्यम
बरेली।
उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को आशा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शिववती साहू के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष शिववती साहू ने कहा कि 16 फरवरी 2026 को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा यूनियन प्रतिनिधियों के बीच 13 सूत्रीय मांगों को लेकर वार्ता हुई थी। यूनियन का कहना है कि वार्ता में बनी सहमति को अभी तक धरातल पर लागू नहीं किया गया है।

आशा कार्यकर्ताओं ने आधार भुगतान बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने और आशा संगिनियों के भुगतान में वृद्धि की मांग दोहराई। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, पोलियो, फाइलेरिया, टीबी, कुष्ठ रोग, दस्तक, संचारी अभियान, जेएसवाई और नसबंदी समेत विभिन्न कार्यों की लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने की मांग की गई।

यूनियन ने पोलियो, फाइलेरिया, दस्तक और संचारी अभियानों के लिए प्रतिदिन 500 रुपये प्रोत्साहन राशि निर्धारित करने की भी मांग उठाई। इसके साथ मातृत्व अवकाश चार माह करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के अलावा पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा की राशि दो लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा 45वें और 46वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को लागू करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी।

प्रदर्शन में रूप देवी, कीर्ति कुमार, पूनम शर्मा, हिराकली, लीलावती, दीपा सिंह, अंगूरवती, वीरवाला, रूबी, सुंदरी, ओमवती, लता मधुबाला, राजरानी, बृजकिशोरी, कमला, वंदना सक्सेना, बेबी, पिंकी, निशी, शकुंतला, रजनी देवी, ज्योति रीता, मिथलेश, शीला, पूनम देवी, कुसुम, रेनू और उमा देवी समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।