सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों ने जताया विरोध

बरेली के बहेड़ी तहसील के ग्राम सिंगोती में बदहाल सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर धान की पौध रोपकर अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों ने जताया विरोध
HIGHLIGHTS:

• सरकारी स्कूल जाने वाले बदहाल मार्ग पर ग्रामीणों ने धान की पौध रोपकर जताया विरोध।

• सड़क निर्माण न होने से बरसात में बच्चों और ग्रामीणों को हो रही है परेशानी।

• प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जन माध्यम – बहेड़ी (बरेली)

तहसील बहेड़ी के ग्राम सिंगोती में सरकारी स्कूल जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पंजाबियों के झाले से सरकारी स्कूल तक जाने वाले कच्चे और जर्जर रास्ते पर ग्रामीणों ने धान की पौध रोपकर प्रशासन का ध्यान सड़क निर्माण की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बरसात के दौरान मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया।

प्रदर्शन में वंश ढिल्लों, सुरेंद्र पाल, कुलदीप सिंह, विक्रम सागर, रवि सागर, जगदीश सागर, प्रताप सिंह, करनैल सिंह, ग्राम प्रधान भवानी सिंह, नरेश बाबू सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

वहीं, इस संबंध में ग्राम प्रधान भवानी सिंह से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल फोन पर कॉल रिसीव करने वाले परिजन ने बताया कि वह घर से बाहर हैं, इसलिए उनसे बात नहीं हो सकी।