देवरनियां पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को जिला बदर कर उत्तराखंड सीमा में छोड़ा
कोतवाली देवरनियां पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पांच मुकदमों में लिप्त हिस्ट्रीशीटर शरीफ को छह माह के लिए जिला बदर कर उत्तराखंड सीमा पर छोड़ा।
देवरनियां पुलिस ने आपराधिक मामलों में लिप्त हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ की बड़ी जिला बदर की कार्रवाई।
जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह के आदेश पर आरोपी को आगामी 6 माह के लिए जनपद की सीमा से किया गया निष्कासित।
पशु क्रूरता अधिनियम सहित देवरनियां और भोजीपुरा थानों में आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कुल 5 गंभीर मुकदमेय़।
पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर समीपवर्ती जिला उधमसिंहनगर (उत्तराखंड) की सीमा पर ले जाकर छोड़ा।
इकरार/ जन माध्यम
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों और शातिर बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत कोतवाली देवरनियां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और समाज में शांति कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने आपराधिक मामलों में लिप्त एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को जनपद की सीमा से बाहर (जिला बदर) कर दिया है।
कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक आशुतोष द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा मुंडिया जागीर के रहने वाले शरीफ पुत्र कुदरत अली के खिलाफ पूर्व में स्थानीय पुलिस द्वारा गुंडा एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी। इस मामले की गंभीरता और कानून व्यवस्था को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने 30 मई को आरोपी को 6 माह की अवधि के लिए जिला बदर करने का लिखित आदेश जारी किया था।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कोतवाली देवरनियां पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त शरीफ को अपनी कस्टडी में लिया। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर बरेली से सटे उत्तराखंड राज्य के जनपद उधमसिंहनगर के थाना पुलभट्टा क्षेत्र की सीमा पर पहुंची और वहां जनपद की सीमा से बाहर छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को सख्त हिदायत (ताकीद) दी है कि वह अगले 6 माह तक जनपद की किसी भी सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। यदि इस अवधि के दौरान उसने जिले में प्रवेश करने का प्रयास किया, तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर सीधा जेल भेजा जाएगा।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, जिला बदर किए गए आरोपी शरीफ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर गोवंशीय पशु क्रूरता अधिनियम समेत देवरनियां और भोजीपुरा थानों में कुल 5 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा और मुख्य आरक्षी शमशुल हसन मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के हौसले पूरी तरह पस्त नजर आ रहे हैं।