नदी किनारे संदिग्ध मौत
बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में नदी किनारे मिले शव को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, पोस्टमार्टम के बाद खुलासा होगा।
➡️ कुलड़िया थाना क्षेत्र में संदिग्ध मौत
➡️ डैम के पास नदी किनारे मिला शव
➡️ मृतक की पहचान 50 वर्षीय छत्रपाल
➡️ सिर में गंभीर चोट मिलने से संदेह
➡️ परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
➡️ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
➡️ रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
➡️ परिवार में मचा कोहराम
जन माध्यम | बरेली।
थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव गुलरिया में नदी किनारे गिरने से एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय छत्रपाल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के बेटे दीपक ने बताया कि शुक्रवार को उनके पिता गांव से कुछ दूरी पर स्थित डैम के पास नदी किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनके नदी में गिरने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और छत्रपाल को नदी से बाहर निकाला, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर थी।
परिजनों के अनुसार छत्रपाल के सिर में गंभीर चोट थी और खून बह रहा था, जिससे संदेह और गहरा गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची क्योलड़िया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दीपक ने आशंका जताई कि उनके पिता की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि किसी द्वारा धक्का दिए जाने का परिणाम हो सकती है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।
छत्रपाल की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनकी पत्नी मुन्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।