बरेली में “लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम”, पंजाबी महासभा का अनूठा संदेश
बरेली में पंजाबी महासभा ने “लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम” थीम पर भव्य आयोजन कर बेटियों के सम्मान और सामाजिक चेतना का संदेश दिया।
➡️ बरेली में खास संदेश के साथ लोहड़ी उत्सव
➡️ “लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम” थीम
➡️ नवजात 4 बालिकाओं की प्रथम लोहड़ी मनाई
➡️ गिद्धा-भांगड़ा से सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम
➡️ समाज सेवा और बेटियों के सम्मान का मजबूत संदेश
सैय्यद शाहाबुद्दीन/ जन माध्यम |
बरेली। जोश, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक पंजाबियों का प्रमुख पर्व लोहड़ी इस बार बरेली में एक खास संदेश के साथ मनाया गया — “लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम”।
पंजाबी महासभा द्वारा हवेली रिज़ॉर्ट में आयोजित इस भव्य लोहड़ी महोत्सव ने पूरे शहर में उमंग और सामाजिक चेतना की अनूठी मिसाल पेश की।
बेटियों की लोहड़ी—नई परंपरा, नया संदेश
पिछले कई वर्षों से पंजाबी महासभा बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस पर्व को मना रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष नवजात चार बालिकाओं रबनूर सहगल, अयंशा कथूरिया, शिवाया वाधावां और अनायशा आहूजा की प्रथम लोहड़ी मनाई गई और उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया।
महासभा के अध्यक्ष संजय आनंद ने कहा—
हम बेटे और बेटी में कोई भेद नहीं मानते। इसी सोच के साथ हमने अपने कार्यक्रम का नाम ‘लोहड़ी की शाम बेटियों के नाम’ रखा है। हर वर्ष उन परिवारों को सम्मानित करते हैं जिनके यहां बेटी का जन्म होता है।”
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने गिद्धा और भांगड़ा प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। सभी सदस्य रंग-बिरंगी पंजाबी पोशाकों में नजर आए।
खास आकर्षण रहा 148 प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल, जिन्होंने पंजाबी संस्कृति की समृद्धि को दर्शाया।
प्रसिद्ध पंजाबी गायक नवाब साहब ने अपने गीतों से ठंड में भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
पहला पुरस्कार – टेलीविजन
दूसरा पुरस्कार – वॉशिंग मशीन
तीसरा पुरस्कार – माइक्रोवेव
अतिथियों का स्वागत विशेष रूप से तैयार मखाने की माला से किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे— शशांक भाटिया (प्रांत संघ चालक, RSS)
डॉ. अरुण कुमार सक्सेना (वन एवं पर्यावरण मंत्री, उत्तर प्रदेश.)
दुर्विजय सिंह शाक्य (क्षेत्रीय अध्यक्ष, ब्रज क्षेत्र भाजपा)
श्री बलदेव सिंह औलख (कृषि राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश
रमित शर्मा (ADG, बरेली जोन)
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल सहित उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के कई विधायक और गणमान्य व्यक्ति
मुख्य अतिथि शशांक भाटिया ने कहा—
“बेटियों के जन्म को लेकर लोहड़ी मनाने की यह परंपरा पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। पंजाबी महासभा का सेवा भाव अनुकरणीय है।”
समाज सेवा का संदेश
दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि पंजाबी महासभा पिछले 10 वर्षों से निरंतर समाजहित में कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
संचालन व प्रायोजन
कार्यक्रम का संचालन यतिन भाटिया एवं मनीषा आहूजा ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनेक मुख्य व सह-प्रायोजकों का सहयोग रहा।