शादी की खुशियों के बीच मातम, तालाब में डूबकर मासूम अनमोल की मौत

बरेली के बेहटा बुजुर्ग गांव में दो वर्षीय अनमोल की तालाब में डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुरक्षा घेरा और तालाब की सफाई कराने की मांग उठाई।

शादी की खुशियों के बीच मातम, तालाब में डूबकर मासूम अनमोल की मौत
HIGHLIGHTS:

शादी का सामान खरीदने गए थे पिता, घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ दो वर्षीय अनमोल।

नौ फुट से अधिक गहरे तालाब में मिला शव, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

दो साल पहले इसी तालाब में बच्ची की भी हुई थी मौत, ग्रामीणों ने सुरक्षा घेरा बनाने की मांग उठाई।

जन माध्यम
बरेली। रिश्तेदारी में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच घर के बाहर खेल रहा दो वर्षीय अनमोल अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद उसका शव घर के सामने बने नौ फुट से अधिक गहरे तालाब में मिला। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन को सूचना दिए बिना ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहटा बुजुर्ग निवासी कृष्णपाल कश्यप ने बताया कि रिश्तेदारी में शादी होने के कारण उन्हें भात लेकर जाना था। बुधवार को वह शादी का सामान खरीदने बिशारतगंज गए थे। इस दौरान उनका दो वर्षीय बेटा अनमोल घर के बाहर खेल रहा था। घर के सामने खड़ंजे के किनारे मछली पालन के लिए गहरा तालाब बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे पड़ोसियों ने अनमोल को तालाब के आसपास खेलते देखा था। कुछ देर बाद कृष्णपाल घर लौटे तो बेटा नहीं दिखा। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा।

तालाब के पास देखे जाने की जानकारी मिलने पर करीब दो बजे उसकी तलाश शुरू की गई। तालाब में उतरकर खोजबीन की गई तो अनमोल मिल गया। परिजन उसे बिशारतगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चार भाई-बहनों में सबसे छोटे अनमोल की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की तैयारियों के बीच खुशियों का माहौल था, वहां अब मासूम की याद और अपूरणीय क्षति का गम पसरा है।

हादसे ने आबादी के बीच बने खुले तालाबों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी तालाब में दो वर्ष पहले सतीश कश्यप की दो वर्षीय बेटी मीनाक्षी की भी डूबकर मौत हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने अधिकारियों से तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनवाने की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बीते दो वर्षों में कई बच्चों को तालाब में गिरने से बचाया जा चुका है। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए।

ग्रामीण नेत्रपाल, राम अवतार, राजवीर और महेंद्र पाल ने बताया कि करीब 14 से 15 बीघा क्षेत्रफल में फैला तालाब चारों तरफ से आबादी से घिरा है। ग्रामीण इसके किनारे से गुजरते हैं। आरोप है कि जल निकासी के लिए बने नाले पर अतिक्रमण से पानी की निकासी बाधित है। सफाई नहीं होने से तालाब में दलदल बनता जा रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए यह स्थान लगातार खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनवाने, अतिक्रमण हटवाने और सफाई कराने की मांग की है।

आंवला के एसडीएम सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं कराई गई है। हालांकि, परिवार को नियमानुसार संभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर टीम भेजकर तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। जांच के आधार पर जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब जवाब का इंतजार है।