जलभराव से नुकसान का सर्वे कराकर राहत देने की मांग
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल ने भारी वर्षा और जलभराव से प्रभावित नागरिकों व व्यापारियों के नुकसान का सर्वे कराने की मांग की। संगठन ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
व्यापार मंडल ने जलभराव से हुए नुकसान का वार्डवार सर्वे कराने की मांग की।
प्रभावित दुकानों और घरों का स्थल निरीक्षण व दस्तावेजीकरण कराने की मांग।
जल निकासी के साथ स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने पर जोर।
जन माध्यम
बरेली। भारी वर्षा और जलभराव से आम नागरिकों एवं व्यापारियों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
मंडल अध्यक्ष गौरव सक्सेना एडवोकेट के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में वार्डवार सर्वे कराने के साथ घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हुई क्षति का स्थल निरीक्षण व दस्तावेजीकरण कराने की मांग की गई।
गौरव सक्सेना ने बताया कि जलभराव से दुकानों में रखा माल, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मशीनरी और कच्चा माल प्रभावित हुआ है। मंडल ने पात्र प्रभावितों को आपदा राहत मानकों के अनुसार सहायता देने की मांग की।
ज्ञापन में प्रभावित इलाकों में तत्काल जल निकासी, सफाई, कीटाणुनाशक छिड़काव और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। इसके अलावा बार-बार जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने तथा संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।