बीएलओ मानदेय दोगुना
सीएम के निर्देश पर बीएलओ और सुपरवाइज़र्स के मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी, वार्षिक भुगतान अब दोगुना।
➡️ बीएलओ मानदेय अब दोगुना
➡️ वार्षिक भुगतान बढ़कर 12,000 रुपए
➡️ सुपरवाइज़र्स का पारिश्रमिक 18,000 रुपए
➡️ विशेष प्रोत्साहन 2,000 रुपए किया गया
➡️ ERO–AERO पारिश्रमिक तय
➡️ चुनावी मशीनरी को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री के निर्देश पर बढ़ा पारिश्रमिक, बीएलओ और सुपरवाइज़र्स को बड़ा लाभ
जन माध्यम
बरेली। निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अपर जिलाधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी ने बूथ स्तर पर काम करने वाले बीएलओ कर्मियों के मानदेय में दो गुना बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय न केवल बीएलओ की जिम्मेदारी को सम्मान देता है, बल्कि उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित भी करेगा। उन्होंने बताया कि बीएलओ का वार्षिक पारिश्रमिक 6,000 रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपए कर दिया गया है। इसी प्रकार बीएलओ सुपरवाइजर्स का पारिश्रमिक 12,000 से बढ़ाकर 18,000 रुपए कर दिया गया है। बीएलओ को मिलने वाला विशेष प्रोत्साहन भी 1,000 से बढ़ाकर 2,000 रुपए कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी उन कर्मियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो वर्षभर मतदाता सूची के संकलन, सत्यापन और संशोधन जैसे अत्यंत जिम्मेदार कार्यों में जुड़े रहते हैं।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि निर्वाचन की पूरी प्रणाली को मजबूत करने के लिए अन्य पदों पर भी पारिश्रमिक तय किया गया है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ईआरओ का वार्षिक पारिश्रमिक 30,000 रुपए, जबकि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एईआरओ का पारिश्रमिक 25,000 रुपए निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल कर्मचारियों को आर्थिक राहत देगा, बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाएगा। चुनाव आयोग की सबसे निचली इकाई के रूप में बीएलओ और संबंधित अधिकारी चुनाव की बुनियाद को मजबूत करते हैं। सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके कार्य को नई गति देने वाला साबित होगा।