चोरी के बाद कार्रवाई न होने का आरोप, ग्रामीण की मौत
बरेली के कैंट क्षेत्र में घर में चोरी के बाद पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का दावा है कि घटना से आहत ग्रामीण ने खाना छोड़ दिया और 20 दिन बाद उसकी मौत हो गई।
घर में चोरी के बाद पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप।
परिजनों का दावा, घटना से आहत ग्रामीण ने खाना छोड़ दिया था।
20 दिन बाद तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया।
जन माध्यम
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के चौबारी गोटिया गांव में एक ग्रामीण की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि घर में चोरी की शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आहत होकर ग्रामीण ने खाना छोड़ दिया। करीब 20 दिन बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार 40 वर्षीय नन्हे लाल पुत्र चेतराम घर पर अकेले रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी सुनैना बच्चों के साथ हिमाचल प्रदेश में रहकर काम करती हैं। आरोप है कि 10 जून को गांव के ही तीन लोग उनके घर में घुस गए और वहां से लगभग तीन लाख रुपये नकद, एक टॉर्च तथा बैंक की पासबुक ले गए।
परिवार का कहना है कि घटना की शिकायत कैंट थाना पुलिस से की गई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे मानसिक रूप से आहत नन्हे लाल ने उसी दिन से भोजन करना छोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक लगातार तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
फिलहाल मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। परिजनों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।