गौशाला में गोवंशों की मौत, मौके पर पहुंचे डीएम, जिम्मेदारों पर की कार्रवाई
आंवला, बरेली। देहात के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव अंतपुर स्थित भोजपुर मढी गौशाला में ठंड से ठिठुर कर गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई थी। गोवंशीय पशुओं की मौत हो जाने पर विश्व हिन्दू परिषद आदि संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए और गौवंशीय पशुओं की मौत पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन करने लगे।रात्रि में ही नायाब तहसीलदार व एसडीएम एन राम भी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन करने वाले लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग नहीं माने। वह लोग स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही से गोवंशीय पशुओं की मौत होने का आरोप लगाते हुए डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
हंगामा न थमने पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार बुधवार सुबह गौशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्हें अव्यवस्थाएं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की है। गौशाला में गोवंश ठिठुर रहे थे। उनके झूले नहीं थे और हरे चारा की भी व्यवस्था नहीं थी। जिसपर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।उच्चाधिकारियों के आदेश पर खण्ड विकास अधिकारी मझगवां अनुज कुमार ने ग्राम प्रधान पति किशन, सचिव शशि शेखर व केयर टेकर की लापरवाही मानते हुए तीनों पर मुकदमा पंजीकृत कराया है।