एसडीएम के दखल से सुलझा विवाद, बच्चों को मिला मिड-डे मील

गरगइया पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 15 दिन बाद मिड-डे मील शुरू हुआ। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद विवाद सुलझा और बीईओ ने बच्चों संग भोजन चखा।

एसडीएम के दखल से सुलझा विवाद, बच्चों को मिला मिड-डे मील
HIGHLIGHTS:

गरगइया पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 15 दिन बाद बच्चों को मिड-डे मील मिला।

एसडीएम गोपाल शर्मा के हस्तक्षेप के बाद प्रधान और प्रधानाध्यापिका के बीच विवाद सुलझा।

खंड शिक्षा अधिकारी शीशपाल ने बच्चों के बीच बैठकर भोजन चखा।

जन माध्यम
रिछा, बरेली।
बहेड़ी तहसील के उपजिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद ब्लॉक रिछा (दमखोदा) के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गरगइया में 15 दिन बाद शुक्रवार से बच्चों के लिए मिड-डे मील बनना शुरू हो गया। थाली में भोजन पहुंचते ही बच्चों के चेहरों पर रौनक लौट आई। विद्यालय पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी शीशपाल ने भी बच्चों के बीच बैठकर भोजन चखा।

विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका नीता गंगवार और गांव की प्रशासक प्रधान मुसरत के बीच आपसी विवाद के चलते करीब 15 दिनों से मिड-डे मील नहीं बन पा रहा था। बताया गया कि प्रशासक प्रधान द्वारा पूर्व में प्रधानाध्यापिका की ओर से बनवाए गए मिड-डे मील की परिवर्तन लागत के चेक पर हस्ताक्षर नहीं किए जाने से भुगतान अटक गया था। इसके बाद प्रधानाध्यापिका ने मिड-डे मील बनवाने से इनकार कर दिया था, जबकि प्रशासक प्रधान भी भोजन बनवाने के लिए राजी नहीं थीं।

मामले का हल स्थानीय स्तर पर नहीं निकल पाने के कारण बच्चों को भोजन से वंचित रहना पड़ा। तीन दिन पहले मंगलवार को मामला मीडिया के माध्यम से एसडीएम गोपाल शर्मा के संज्ञान में आया। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। इसके बावजूद समाधान नहीं निकलने पर गुरुवार को एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और दोनों पक्षों को अपने कार्यालय बुलाकर वार्ता की।

वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान कराया गया और इंचार्ज प्रधानाध्यापिका को मिड-डे मील बनवाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद शुक्रवार से विद्यालय में भोजन बनना शुरू हो गया।

करीब 15 दिन बाद भोजन मिलने पर बच्चे खुश नजर आए। इसी दौरान खंड शिक्षा अधिकारी शीशपाल ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर मिड-डे मील चखा। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका नीता गंगवार ने भी बच्चों के साथ भोजन किया।

एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि गुरुवार को सभी पक्षों को बुलाकर वार्ता की गई थी और विवाद का समाधान करा दिया गया था। शुक्रवार से विद्यालय में मिड-डे मील बनना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों का हित सर्वोपरि है।