अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, क्लिनिक सील
1. इलाज के दौरान युवती की मौत के बाद कार्रवाई
मीरगंज (कर्ण पाल सिंह)। बरेली देहात के कस्बे मीरगंज में संचालित एक अवैध क्लिनिक पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा और नियमों के विपरीत संचालित हो रहे क्लिनिक को सील कर दिया। यह कार्रवाई तब की गई जब शुक्रवार को एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि क्लिनिक न तो पंजीकृत है और न ही वहां कोई योग्य डॉक्टर कार्यरत था। स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल डॉक्टर रोहन दिवाकर, फार्मासिस्ट हेमलता और स्वास्थ्यकर्मी अजय कुमार ने मीरगंज कोतवाली के सामने संचालित अकील अहमद के क्लिनिक का निरीक्षण किया। क्लिनिक पूरी तरह अवैध पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार 17 मई को एक युवती इलाज के लिए अकील अहमद के क्लिनिक पर पहुंची थी। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई, लेकिन क्लिनिक में न तो उचित सुविधा थी और न ही किसी योग्य चिकित्सक की मौजूदगी। हालत बिगड़ने पर क्लिनिक संचालक ने ऑक्सीजन की कमी का हवाला देकर युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया और तत्काल जांच शुरू की। मीरगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार पाल ने बताया कि क्षेत्र में संचालित सभी अवैध और अपंजीकृत क्लीनिकों की जांच की जा रही है। जो भी क्लिनिक बिना अनुमति और नियमों के विरुद्ध संचालित पाए जाएंगे, उनके
खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मामले की सूचना भेज दी गई है।