बरेली में 12 मई को होगा इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम
बरेली के ए.पी. लॉन में 12 मई 2026 को इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम आयोजित होगा। सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
12 मई को ए.पी. लॉन में होगा इज्तिमाई निकाह
जरूरतमंद परिवारों के लिए आयोजित होगा सामूहिक विवाह
कलियर शरीफ के सज्जादा नशीन करेंगे शिरकत
हसीन दानिश। जन माध्यम
बरेली। जरूरतमंद परिवारों की मदद और समाज में सादगीपूर्ण निकाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली में एक बड़े इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। मिशन एहलेबैत वेलफेयर सोसाइटी एवं खानकाहे आलिया चिश्तिया साबरिया की ओर से आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह समारोह को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम समाज में भाईचारे, सहयोग और सरल निकाह का संदेश देगा।
जानकारी के अनुसार इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम 12 मई 2026 को रात 08:00 बजे ए.पी. लॉन, जगतपुर पानी की टंकी के पास, बीसलपुर रोड, पुराना शहर, बरेली शरीफ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजकों के मुताबिक सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत पहुंचाना और फिजूलखर्ची से दूर सादगीपूर्ण निकाह को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के जरिए समाज में आपसी एकता और सहयोग का संदेश भी दिया जाएगा।
इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम में दरगाह साबिर पाक कलियर शरीफ के सज्जादा नशीन हजरत शाह अली मंजूर ऐजाज कुद्दूसी साबरी साहब विशेष रूप से शिरकत करेंगे। उनके साथ हजरत यावर मंजर ऐजाज कुद्दूसी साबरी, साहिबजादा पीरान-ए-कलियर और हाफिज मोहम्मद तस्लीम साबरी की मौजूदगी भी रहेगी।
खानकाहे आलिया चिश्तिया साबरिया, नियर नक्श बंदियान मस्जिद, मोहल्ला रेती, बरेली शरीफ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।