सुर्खा वनखाना में बिजली विभाग की तड़के बड़ी कार्रवाई
बरेली के सुर्खा वनखाना इलाके में बिजली विभाग ने तड़के चेकिंग अभियान चलाकर कई कनेक्शन काटे। बिजली चोरी पर जुर्माना और चालान की कार्रवाई हुई।
सुबह 5 बजे शुरू हुआ बिजली विभाग का अभियान
बकाया मिलने पर कई बिजली कनेक्शन काटे गए
ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए बिजली चोरी पकड़ी गई
5 घरों पर विभाग ने लगाया जुर्माना
जन माध्यम
बरेली। शहर के सुर्खा वनखाना इलाके में शनिवार तड़के उस समय हलचल मच गई जब बिजली विभाग की टीम पुलिस बल के साथ चेकिंग अभियान लेकर पहुंच गई। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। विभागीय टीम ने कई घरों की जांच करते हुए बिजली चोरी और बकाया बिलों की पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार थाना प्रेमनगर क्षेत्र के सुर्खा वनखाना इलाके में बिजली विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। इस दौरान किला क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अभियान के दौरान प्रेमनगर पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था संभाले रही।
चेकिंग के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया मिला या जिनके यहां अनियमितता पाई गई, उनके बिजली कनेक्शन तत्काल काट दिए गए। विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा रहा।
वहीं जांच के दौरान 3 से 4 घरों में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर ई-रिक्शा चार्जिंग किए जाने का मामला सामने आया। विभागीय टीम ने बिजली चोरी पकड़ते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ चालान काटे और रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी।
बिजली विभाग ने अभियान के दौरान 5 घरों पर जुर्माना भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी और अवैध उपयोग के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने लोगों से वैध कनेक्शन का उपयोग करने और समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है।