सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव कुरतरा में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर नायब तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण कर कब्जा हटाने और कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर राजस्व टीम ने किया निरीक्षण।
जांच में कई लोगों का कब्जा मिलने पर कार्रवाई के निर्देश।
लेखपाल ने कब्जाधारकों को शुक्रवार तक अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया।
जन माध्यम
फतेहगंज पश्चिमी/बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव कुरतरा में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद के गड्ढों के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा मिलने पर नायब तहसीलदार ने लेखपाल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण डालचंद दिवाकर, चोखे लाल, जयदेव गंगवार, नंदराम गंगवार समेत अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि गाटा संख्या 244 स्थित सरकारी भूमि पर ग्राम प्रधान सगीर हुसैन सहित करीब एक दर्जन लोगों ने अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया है। शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
बृहस्पतिवार शाम नायब तहसीलदार अरविंद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सिमरन मथानिया तथा लेखपाल हरीश गंगवार मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान खाद के गड्ढों के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर कई लोगों का कब्जा पाया गया।
इसके बाद नायब तहसीलदार अरविंद कुमार सिंह ने लेखपाल को अवैध कब्जा हटाने तथा कब्जाधारकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लेखपाल हरीश गंगवार ने ग्राम प्रधान सहित सभी कब्जाधारकों को शुक्रवार तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया है।
नायब तहसीलदार सिमरन मथानिया ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन की ओर से सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।