रेलवे के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल में आयोजित सम्मान समारोह में अंतर्विभागीय खेल प्रतियोगिताओं और समर कैंप के विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इज्जतनगर मंडल में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षकों, रेफरी और अंपायरों की सेवाओं का भी सम्मान किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने खेलों को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
जन माध्यम
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मंडल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में रोड नंबर-2 अधिकारी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में अंतर्विभागीय खेल प्रतियोगिताओं एवं समर कैंप खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक के साथ प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों, रेफरी और अंपायरों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की खेल गतिविधियों का नियमित आयोजन आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मानित खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूर्वोत्तर रेलवे और देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) राज कुमार, मुख्य कारखाना प्रबंधक, विभिन्न शाखा अधिकारी, क्रीड़ा सचिव, मान्यता प्राप्त यूनियनों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, रेलकर्मी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।