सड़क सुरक्षा के लिए अहम कदम: ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नीति लागू,
बरेली। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सोमवार से ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नीति लागू कर दी। इसके तहत बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पर पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया गया। शहर के अधिकतर पेट्रोल पंपों पर इस आदेश का सख्ती से पालन किया गया। वहीं बिना हेलमेट पहुंचे वाहन चालकों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 20 जनवरी से इस नीति को लागू करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ के होर्डिंग्स लगाने को अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन करेगा निरीक्षण, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि जो पेट्रोल पंप इस नियम का पालन नहीं करेंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन जल्द ही निरीक्षण अभियान चलाएगा और नियम तोड़ने वाले पंपों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा के लिए अहम कदम
‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नीति का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। प्रशासन का मानना है कि यह कदम लोगों में अनुशासन बढ़ाने और हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने में सहायक साबित होगा।