सफलता : नेशनल प्रतियोगिता में हाकी से जादू दिखायेंगी कनमन गांव की राधिका पाण्डेय ।
किसान की बेटी के चयन से गांव में खुशी का महौल। विधायक समेत लोगों ने दी बधाई।
कनमन गांव की राधिका पाण्डेय का अमृतसर में होने वाली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन।
राधिका उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मंडलीय अंडर-14 प्रतियोगिता में कप्तान के रूप में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।
जन माध्यम
देवरनियां/ बरेली । प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती बस उसे जरूरत होती है, उसे तराशने व उचित मंच देने की। ऐसी ही मिशाल पेश की है, क्षेत्र के गांव कनमन निवासी हाकी खिलाड़ी राधिका पाण्डेय ने। राधिका का चयन राष्ट्र स्तरीय अमृतसर ( पंजाब )में अगले महीने होने वाली हाकी प्रतियोगिता में हुआ है। राधिका की इस सफलता पर परिवार व विद्यालय समेत गांव के लोगों में खुशी का माहौल है।
गांव कनमन निवासी किसान पंडित हरीश कुमार शर्मा की पौत्री राधिका पाण्डेय हाकी की खिलाड़ी हैं, जिसका चयन अगले महीने अब अमृतसर (पंजाब ) में राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली हाकी खेल प्रतियोगिता में हुआ है, जिसमें वह उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं राधिका पांडेय के पिता विजय कुमार शर्मा ने बताया,कि हाल ही में रामपुर में एक सप्ताह तक चलने वाली मंडलीय स्तर पर अंडर -14 हाकी खेल प्रतियोगिता में भी राधिका पांडेय ने अपनी टीम की कैप्टन के रुप में बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीता था। और अब वह उत्तर प्रदेश की हाकी टीम में अपने शानदार प्रदर्शन के चलते अपना स्थान पक्का कर अगले माह राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली हाकी खेल प्रतियोगिता अमृतसर (पंजाब )में अपनी हाकी से अपनी कला का प्रदर्शन करेगी। हाकी खिलाड़ी राधिका पाण्डेय की मां रश्मि शर्मा ने बताया, कि उसने हाकी के सभी गुर उसकी कोच सुमन बघेल के नेतृत्व में ही सीखें हैं। वहीं राधिका मथुरा के बाबा कडेरा सिंह विद्या मंदिर सोंख में कक्षा-9 की छात्रा है । राधिका की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार समेत घर व गांव में खुशी का माहौल है । गांव की बेटी की इस सफलता पर पूर्व प्रधान वेदप्रकाश गंगवार, पत्रकार देवेश गंगवार, भाजपा नेता अमित गुप्ता , वीरेन्द्र शर्मा , सपा के बहेडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अताउर्रहमान समेत सैकड़ों लोगों ने शुभकामनाएं दीं हैं। राधिका के पिता एक किसान हैं तो मां एक गृहणी व वकील हैं।