डाक कांवड़ लेकर लौट रहे कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल
शाही के रम्पुरा निवासी 20 वर्षीय गौरव की मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। निजी बस की टक्कर में एक साथी कांवड़िया घायल हुआ, जबकि हादसे के बाद गांव में मातम पसरा रहा।
मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में निजी बस की टक्कर से 20 वर्षीय कांवड़िये की मौत हुई।
हादसे में साथी कांवड़िया घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जन माध्यम
बरेली शाही। हरिद्वार से गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के साथ घर लौट रहे शाही थाना क्षेत्र के रम्पुरा गांव निवासी 20 वर्षीय गौरव की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका साथी कांवड़िया बबलू घायल हो गया।
बताया गया कि रामपुर-दुराये नेशनल हाईवे पर थाना कटघर, जनपद मुरादाबाद क्षेत्र में पीछे से आई एक निजी बस ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव पुत्र राधेश्याम की मौत हो गई, जबकि बबलू पुत्र नेत्रपाल घायल हो गया।
रम्पुरा गांव से करीब 35 कांवड़ियों का जत्था 13 अगस्त को हरिद्वार गंगाजल लेने गया था। रविवार सुबह गंगाजल भरने के बाद सभी डाक कांवड़ लेकर गांव के लिए रवाना हुए थे। सोमवार सुबह गांव के मंदिर में जलाभिषेक होना था। परिवार और ग्रामीण कांवड़ियों के लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही हादसे की खबर पहुंच गई।
रविवार रात करीब 9:30 बजे हादसे की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान अशोक गंगवार और गौरव के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। गौरव की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। तीन भाइयों में सबसे छोटे गौरव की मौत से परिजन सदमे में हैं। उसकी एक बहन भी है।
हादसे के बाद कांवड़ियों ने घटनास्थल के पास मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक किया और इसके बाद गांव लौटे। धार्मिक यात्रा का समापन इस हादसे के चलते शोक में बदल गया।
पुलिस ने गौरव के शव का पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान शाही थाने की पुलिस मौजूद रही।
पुलिस ने हादसे में शामिल निजी बस को कब्जे में ले लिया है। घायल बबलू का उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।