कोमल निषाद में गूंजे शास्त्रीय और सुगम संगीत के सुर

एसआरएमएस रिद्धिमा में आयोजित ‘कोमल निषाद’ संगीत संध्या में गायन गुरुओं और विद्यार्थियों ने शास्त्रीय राग, गजल और फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया।

कोमल निषाद में गूंजे शास्त्रीय और सुगम संगीत के सुर
HIGHLIGHTS:

एसआरएमएस रिद्धिमा में ‘कोमल निषाद’ संगीत संध्या का आयोजन हुआ।

गायन गुरुओं और विद्यार्थियों ने शास्त्रीय, गजल और फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियां दीं।

संगीत प्रेमियों ने देर शाम तक सुरों की शानदार महफिल का आनंद लिया।

जन माध्यम
बरेली।
 एसआरएमएस रिद्धिमा में रविवार शाम आयोजित संगीत कार्यक्रम ‘कोमल निषाद’ सुर, ताल और संगीत की खूबसूरत प्रस्तुतियों का साक्षी बना। कार्यक्रम में गायन गुरुओं और उनके विद्यार्थियों ने शास्त्रीय राग आधारित रचनाओं, गजलों और लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाद्य यंत्रों की सामूहिक प्रस्तुति से हुआ। वायलिन, तबला, पखावज, सारंगी, सितार, गिटार, कीबोर्ड और अन्य वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों ने शुरुआत से ही माहौल को संगीतमय बना दिया।

इसके बाद मंच पर विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनाओं की प्रस्तुति दी। तृषिका, गीतू अरोरा, अद्विका, सोनम गुआल, जारा, श्रेया प्रभजोत, माही, अर्णव कनौजिया, अयांश, शौर्य, नीलम, अंशुमा अग्रवाल, काव्या और अग्रिम ने शास्त्रीय तथा सुगम संगीत पर आधारित गीत प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। अतिशय गोयल ने "मोरे डारो न रंग गिरधारी" की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध गजल "वो जो हम में तुम में करार था" रही, जिसे डॉ. वंदना दुग्गल ने अपने मधुर स्वरों में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं गायन गुरु प्रियंका ग्वाल और सात्विक मिश्रा ने फिल्म "आन मिलो सजना" के लोकप्रिय गीत की प्रस्तुति देकर माहौल को यादगार बना दिया।

गायन गुरु प्रियंका ग्वाल ने "कौन गली गयो श्याम" और इंदू परडल ने "रहते थे कभी उनके दिल में" गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के समापन पर गायन गुरुओं और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से फिल्मी गीतों के मुखड़ों की प्रस्तुति देकर संगीत संध्या को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति, आशा मूर्ति, आदित्य मूर्ति, ऋचा मूर्ति सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरुणा गंगवार ने किया।