चरी के खेत में मिला मजदूर का शव, जांच शुरू

बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के फाजलपुर गांव के जंगल में चरी के खेत से एक मजदूर का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चरी के खेत में मिला मजदूर का शव, जांच शुरू
HIGHLIGHTS:

• फाजलपुर के चरी के खेत में 48 वर्षीय मजदूर हसन अली का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

• पुलिस को मौके पर शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान मिले, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं।

• शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

जन माध्यम
बहेड़ी। बरेली।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फाजलपुर के जंगल में शनिवार सुबह चरी के खेत में एक मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत पर पहुंचे किसानों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम भोज डांडी निवासी 48 वर्षीय गठा उर्फ हसन अली पुत्र गुलशेर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि हसन अली मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार को वह खेत में खाद डालने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

शनिवार सुबह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर फाजलपुर के जंगल स्थित चरी के खेत में उसका शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के दाहिने पैर के तलवे पर किसी जानवर द्वारा नोचने जैसे निशान तथा बाएं कान से खून निकलने के संकेत मिले हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये निशान मृत्यु से पहले के हैं या बाद के।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और पांच पुत्रियों का परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।