उधार के रुपये मांगने पर मारपीट, तीन पर मुकदमा

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के लमकन गांव में उधार के रुपये मांगने पर हुए विवाद में युवक से मारपीट और महिलाओं से अभद्रता का आरोप। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

उधार के रुपये मांगने पर मारपीट, तीन पर मुकदमा
HIGHLIGHTS:

• उधार के रुपये मांगने पर विवाद मारपीट में बदला।

• युवक से मारपीट और महिलाओं से अभद्रता का आरोप।

• पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जन माध्यम
शाही।
 बरेली जिला के थाना शाही क्षेत्र के गांव लमकन में उधार के रुपये वापस मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित पक्ष ने तीन लोगों पर घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट करने, महिलाओं से अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित गुड्डू पुत्र फिदा हुसैन के अनुसार, 26 जून की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसका भाई सज्जाद घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के बंटी पुत्र शेर मोहम्मद, इस्लाम पुत्र शेर मोहम्मद और एक अन्य व्यक्ति उसके घर पहुंचे। जब सज्जाद ने बंटी से पुराने उधार के रुपये वापस मांगे तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने सज्जाद के साथ मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचीं घर की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। मारपीट में सज्जाद के घायल होने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाना शाही पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।