खेत की मेड विवाद में पांच घायल
सीबीगंज क्षेत्र के नदोसी गांव में खेत की मेड काटने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
खेत की मेड को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट।
घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जन माध्यम
बरेली । य़सीबीगंज थाना क्षेत्र के नदोसी गांव में खेत की मेड को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
एक पक्ष के भूप किशोर ने आरोप लगाया कि गांव निवासी कैलाश और उनका परिवार पिछले कई वर्षों से खेत की मेड काटते आ रहे हैं। उनका कहना है कि खेत की मिट्टी हटाए जाने के कारण जमीन का स्तर नीचे हो गया है, जिससे पानी उनके खेत में चला जाता है। आरोप है कि विरोध करने पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला किया गया, जिसमें रामचंद्र और भूप किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के कैलाश ने आरोप लगाया कि रामचंद्र पक्ष खेत की मेड काटकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना है कि विरोध करने पर फावड़े और डंडों से हमला किया गया, जिसमें कैलाश, उनके पुत्र मनोज और पत्नी हीराकली घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाना सीबीगंज में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।