हरिद्वार जा रही बस घर में घुसी
बरेली से हरिद्वार जा रही 55 यात्रियों से भरी बस मीरगंज क्षेत्र में अनियंत्रित होकर मकान में घुस गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
55 यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर मकान में घुसी।
हादसे से पहले बस ने हाईटेंशन बिजली का खंभा तोड़ा।
सभी यात्री और मकान में मौजूद लोग सुरक्षित बचे।
जन माध्यम
बरेली । बरेली से हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी एक बस सोमवार देर रात मीरगंज क्षेत्र में अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसे के दौरान बस में सवार सभी यात्री और मकान में मौजूद लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि मकान को नुकसान पहुंचा है और कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बस संख्या यूपी 27 एटी 8080 सोमवार रात करीब 11:30 बजे 55 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही थी। बस को भूता थाना क्षेत्र के सरकड़ा निवासी चालक सतपाल चला रहे थे। लभारी चौकी से आगे पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस ने पहले हाईटेंशन बिजली के खंभे को टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद सड़क किनारे स्थित रामदास के मकान में जा घुसी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। मकान में मौजूद लोग और वहां बंधी भैंस भी सुरक्षित बच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को मकान से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात को सामान्य कराया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस की रफ्तार अधिक होती या मकान में अधिक लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते जनहानि टलने से लोगों ने राहत की सांस ली।