हादसे के बाद दबंगई, बाइक नाले में फेंकी

बरेली के मीरगंज में सड़क हादसे के बाद दबंगों ने घायल दम्पति की बाइक नाले में फेंक दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद दबंगई, बाइक नाले में फेंकी
HIGHLIGHTS:

दिनदहाड़े भीषण टक्कर

घायल दम्पति की बाइक नाले में फेंकी

स्कॉर्पियो से पहुंचे आरोपित

पुलिस जांच, कार्रवाई की मांग

करण पाल सिंह । जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)।
सड़क हादसे के बाद इंसानियत की उम्मीद की जाती है, लेकिन मंगलवार को मीरगंज में जो हुआ, उसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। नंदगांव निवासी अनिल कुमार अपनी पत्नी राजकुमारी और 18 माह की मासूम बेटी सरिका के साथ बाइक से सिरौली चौराहे की ओर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दम्पति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद आरोपित युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो संख्या यूपी 25 ईएम 1294 से पहुंचे लोगों ने घायल दम्पति की सुध लेने के बजाय उनकी बाइक को उठाकर सड़क पार शराब भट्टी के सामने नाले में फेंक दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल दम्पति को तत्काल अस्पताल भिजवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या हादसे के बाद मदद की जगह दबंगई का प्रदर्शन जरूरी था? घायल दम्पति के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और वे आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी घायल इंसान इस तरह की बेरुखी का शिकार न हो।