मनकरी गांव में आवारा कुत्ते का आतंक
मनकरी गांव में खिचड़ी भोज के दौरान आवारा कुत्ते के हमले में तीन बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए, एक बच्ची की हालत गंभीर है।
➡️ खिचड़ी भोज में हमला
➡️ तीन बच्चे घायल
➡️ बच्ची की हालत गंभीर
➡️ जिला अस्पताल रेफर
➡️ कार्रवाई का आश्वासन
हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली। कस्बा फतेहगंज पश्चिम क्षेत्र के गांव मनकरी में आवारा कुत्ते के आतंक से गांव में दहशत का माहौल है। गांव में आयोजित खिचड़ी भोज कार्यक्रम के दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें तीन बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। कुत्ते के हमले में एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मनकरी गांव निवासी एवं भारतीय किसान यूनियन मीरगंज तहसील अध्यक्ष सुधीर बालियां ने बताया कि गांव के मंदिर में खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और उसने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में नन्हें लाल की पुत्री लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष चौधरी अरुण सिंह राठी एवं ग्राम प्रधान ने बताया कि मंदिर से लौटते समय 5 वर्षीय लक्ष्मी, 8 वर्षीय प्रज्ञा, 3 वर्षीय अभी, 35 वर्षीय कपिल और 60 वर्षीय भोले राम पर कुत्ते ने हमला कर उन्हें बुरी तरह काट लिया। हमले में 5 वर्षीय लक्ष्मी के चेहरे पर गहरे घाव हो गए।
घायल बच्ची को परिजनों ने पहले फतेहगंज पश्चिमी के खिरका स्थित सरकारी अस्पताल में दिखाया, जहां से उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य घायलों का भी इलाज कराया गया है।
चौधरी अरुण सिंह राठी ने बताया कि मनकरी गांव में आवारा कुत्तों और छुट्टा जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आवारा सांड किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान रात में फसल की रखवाली करने से डर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा जानवरों को पकड़वाकर जंगल में छोड़ने की मांग की है।
मीरगंज एसडीएम एवं सचिव हर्ष चौहान ने बताया कि मनकरी गांव में आवारा कुत्ते द्वारा कई लोगों को काटे जाने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आवारा जानवरों को पकड़वाने की कार्रवाई की जाएगी।