बिजली कटौती और भारी बिल से नाराज महिलाओं का फूटा गुस्सा
मथुरा के मसानी सब स्टेशन पर बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिलों को लेकर महिलाओं ने हंगामा किया। पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
बिजली कटौती और बढ़े बिलों को लेकर प्रदर्शन
मसानी सब स्टेशन पर महिलाओं ने किया हंगामा
अधिकारियों के समझाने पर भी नहीं मानीं महिलाएं
पुलिस और उच्च अधिकारियों ने संभाली स्थिति
जन माध्यम
मथुरा। जब घर की रसोई से लेकर रोजमर्रा की जिंदगी तक बिजली पर निर्भर हो जाए, तब बार बार की कटौती और बढ़े बिल लोगों के धैर्य को तोड़ देते हैं।
मथुरा के मसानी सब स्टेशन पर बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के कारण अधिक बिल आने से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं सब स्टेशन पहुंचीं और जोरदार हंगामा किया।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती हो रही है और स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं, जिससे घर का बजट बिगड़ गया है। मौके पर मौजूद एसडीओ समेत अन्य अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुईं।
स्थिति बिगड़ती देख कुछ अधिकारी कार्यालय छोड़कर चले गए। सूचना मिलने पर थाना गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस की मौजूदगी में अधिशासी अभियंता ने महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना, जिसके बाद किसी तरह उन्हें शांत कराया गया।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश स्तर पर हाईपावर कमेटी का गठन किया गया है। जिन उपभोक्ताओं को इससे संबंधित कोई समस्या है, वे अपनी शिकायत उस कमेटी के समक्ष दर्ज करा सकते हैं।