चाऊमीन की दुकान पर खून-खराबा
मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में चाऊमीन की दुकान से सामान लेते समय युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घायल युवक ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कप्तान कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई।
➡️ चाऊमीन की दुकान से सामान लेते समय युवक पर हमला
➡️ धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार, युवक गंभीर घायल
➡️ स्थानीय लोगों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया
➡️ पीड़ित का आरोप—थाने में नहीं हुई सुनवाई
➡️ न्याय के लिए कप्तान कार्यालय पहुंचा घायल युवक
➡️ क्षेत्र में दहशत, पुलिस की भूमिका पर सवाल
जन माध्यम |
हशमे आलम। मेरठ।
मेरठ में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गंगानगर थाना क्षेत्र में चाऊमीन की दुकान से सामान ले रहे एक युवक पर आरोपियों ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित के अनुसार, वह रोज़ की तरह दुकान से चाऊमीन लेने गया था, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल युवक को बचाया और अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित का आरोप है कि उसने इस घटना की पूरी जानकारी गंगानगर थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने न तो तत्काल एफआईआर दर्ज की और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की। थाने से निराश होकर घायल युवक न्याय की आस में कप्तान कार्यालय पहुंचा, जहां उसने वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने कदम नहीं उठाया तो आरोपी खुलेआम घूमते रहेंगे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज़गी देखी जा रही है।
अब देखना यह है कि कप्तान कार्यालय तक मामला पहुंचने के बाद पुलिस आरोपियों पर क्या कार्रवाई करती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।