शादी का झांसा देकर छह साल तक दुष्कर्म, आरोपी 9 दिसंबर को करने जा रहा दूसरी शादी
इंचोली में छह साल तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस पर लापरवाही के सवाल, आरोपी 9 दिसंबर को दूसरी शादी करने की तैयारी में।
➡️ शादी का झांसा देकर छह साल तक दुष्कर्म का आरोप
➡️ कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का दावा
➡️ पुलिस पर कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप
➡️ आरोपी 9 दिसंबर को दूसरी शादी की तैयारी में
➡️ पीड़िता एसएसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगा रही
हशमे आलम/ जन माध्यम
मेरठ। इंचोली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के एक गंभीर मामले ने पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने पहले उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद जब युवती ने कार्यवाही की बात की तो आरोपी ने शादी का भरोसा देकर मामला दबा दिया।

युवती का कहना है कि आरोपी पिछले छह वर्षों से उससे शादी का वादा करता रहा, लेकिन हर बार बहाने बनाकर मुकर गया। लंबा समय बीत जाने के बावजूद जब युवक ने शादी की बात नहीं की तो पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
चौंकाने वाली बात यह है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। युवती का आरोप है कि थाना पुलिस आरोपी पर मेहरबान बनी रही, जबकि इसी महीने आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। पीड़िता ने कहा कि वह कई बार अधिकारियों के चक्कर काट चुकी है, लेकिन कार्रवाई की जगह उसे केवल आश्वासन ही मिला।

अब जब आरोपी की शादी 9 दिसंबर को तय है, पीड़िता एसएसपी कार्यालय के चक्कर लगा रही है और न्याय की गुहार कर रही है। उसका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती तो आरोपी खुलकर दूसरी शादी की तैयारियाँ नहीं कर रहा होता।
स्थानीय लोगों में भी इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि संवेदनशील मामलों में लापरवाही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
फिलहाल, पीड़िता की मांग है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो और उसे न्याय दिलाया जाए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंचोली क्षेत्र की यह घटना न केवल पीड़िता के लिए दर्दनाक है, बल्कि पुलिस की कार्यवाही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न छोड़ती है।