जंगली सांड के हमले से बुजुर्ग की मौत

बरेली के कैंट क्षेत्र स्थित बभिया गांव में जंगली सांड के हमले से 70 वर्षीय किसान रामफेर की मौत। मॉर्निंग वॉक पर निकले थे बुजुर्ग, ग्रामीणों में दहशत का माहौल।

जंगली सांड के हमले से बुजुर्ग की मौत
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग पर सांड का हमला
➡️ अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
➡️ पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका सांड
➡️ ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग

जन माध्यम
बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के बभिया गांव में बुधवार सुबह जंगली सांड के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग रामफेर की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार में कोहराम छा गया।

परिजनों के अनुसार, रामफेर रोजाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। गांव से कुछ दूरी पर अचानक एक जंगली सांड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर सांड को भगाने का प्रयास किया और घटना की सूचना परिवार को दी।

परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में रामफेर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक के भतीजे ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि रामफेर अविवाहित थे और खेती-बाड़ी कर अपना जीवन यापन करते थे। उनका आरोप है कि जंगली सांड पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका था, लेकिन ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिजनों का कहना है कि लापरवाही के चलते ही यह हादसा हुआ है।

ग्रामीणों में सांड के आतंक को लेकर दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी इस सांड के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। गांववासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जंगली सांड को पकड़वाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।