मीरगंज सड़क हादसे ने छीन ली एक और जिंदगी

बरेली के मीरगंज क्षेत्र में कुल्छा खुर्द के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार रिटायर्ड पुलिसकर्मी शराफत की इलाज के दौरान मौत हो गई, चालक फरार।

मीरगंज सड़क हादसे ने छीन ली एक और जिंदगी
HIGHLIGHTS:

➡️ मीरगंज में कुल्छा खुर्द के पास हाईवे पर दर्दनाक हादसा
➡️ तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर
➡️ रिटायर्ड पुलिसकर्मी शराफत गंभीर रूप से घायल
➡️ निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
➡️ जिला पंचायत सदस्य ने एंबुलेंस भिजवाने में की मदद
➡️ हादसे के बाद कार चालक फरार
➡️ पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर तलाश तेज की

कर्ण पाल सिंह / जन माध्यम
जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)।
हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मीरगंज क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार रिटायर्ड पुलिसकर्मी शराफत की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा रविवार देर शाम कुल्छा खुर्द गांव के पास हाईवे पर स्थित सैनिक अस्पताल के सामने हुआ, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिलक नगला निवासी शराफत, जो पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त थे, रविवार को किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा मिलक से मीरगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कुल्छा खुर्द गांव के समीप पहुंचे, तभी रामपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शराफत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल शराफत को इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान वहां से गुजर रहे जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने भी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल को अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया।

अस्पताल में इलाज के दौरान शराफत की हालत लगातार गंभीर बनी रही। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार सुबह करीब नौ बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है, जहां एक छोटी सी चूक किसी की पूरी जिंदगी पर भारी पड़ जाती है।