एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा' कार्यक्रम आयोजित
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत 'नशा मुक्त युवा' कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा' कार्यक्रम का आयोजन।
कुलसचिव ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को दिलाई नशा विरोधी शपथ।
कुलपति प्रो. केपी सिंह ने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।
जन माध्यम
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग सभागार में रविवार को केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत' अभियान के अंतर्गत 'नशा मुक्त युवा' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने नशे के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलसचिव महेंद्र सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को नशा विरोधी शपथ दिलाकर किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशा मुक्त बनाए रखने और विद्यार्थियों के बीच निरंतर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही छात्रों से सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण के बाद सभी प्रतिभागियों ने दिल्ली से प्रसारित 'नशा मुक्त युवा' राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को भी सुना गया, जिसमें उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवन अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, प्रो. एस.के. पांडे, प्रो. विनय रिशिवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. राजीव कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।